ग्राम पंचायत ऊनी में भ्रष्टाचार के आरोप, सरपंच के खिलाफ जनदर्शन में शिकायत
बिलासपुर। मस्तूरी जनपद की ग्राम पंचायत ऊनी में निर्माण कार्यों और पंचायत योजनाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई है। उपसरपंच, पंचगण और ग्रामवासियों ने सरपंच छवीलता देवकुमार साहू पर विभिन्न विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 के भवन को बिना प्रशासनिक अनुमति के जेसीबी से तुड़वा दिया गया, जिससे वहां पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं जलघन नाला में बन रहे चेकडेम के निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग और गुणवत्ता में कमी की भी शिकायत की गई है। इसके अलावा उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न वितरण में अनियमितता, सीसी रोड निर्माण में बिना काम कराए मजदूरी भुगतान, बोरवेल मरम्मत और नई मशीन खरीद के नाम पर अधिक भुगतान तथा शक्ति तालाब के पास बन रहे मंच निर्माण में भी गुणवत्ता से समझौता करने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत बैठकों में भी राशि आहरण का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया जाता और कई कार्य कागजों में ही दर्शाए जा रहे हैं। साथ ही नल-जल योजना के तहत प्रति माह 30 रुपये की अवैध वसूली करने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और सरपंच को पद से हटाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


