पेट्रोल भराने गए युवक से मारपीट, भाटिया पेट्रोल पंप के दो कर्मचारियों पर FIR दर्ज

बिलासपुर। शहर के रिंग रोड-2 स्थित भाटिया पेट्रोल पंप में पेट्रोल भराने गए एक युवक के साथ कर्मचारियों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना से मिली जानकारी के अनुसार कस्तूरबा नगर निवासी युवक, जो हरिभूमि प्रेस में कार्यरत है, 8 मार्च की रात करीब 11 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने भाटिया पेट्रोल पंप पहुंचा था। वहां मौजूद कर्मचारी मनीष दिवाकर से उसने कार्ड से पेट्रोल भरने को कहा, जिस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पीड़ित के अनुसार विवाद बढ़ने पर मनीष दिवाकर ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद पेट्रोल पंप का एक अन्य कर्मचारी राजाराम भी वहां पहुंच गया और हाथ में पहने चूड़े से हमला करते हुए लात-घूंसे से मारपीट करने लगा। इस दौरान पीड़ित की घड़ी टूट गई और उसके सिर में भी चोट आई। आरोपियों द्वारा अश्लील गाली-गलौज करते हुए धमकी देने की भी बात कही गई है। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी पूरी घटना रिकॉर्ड होने की जानकारी सामने आई है। मामले की शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंप पर इस तरह आम लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं चिंताजनक हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Mar 9, 2026 - 15:28
 0  7
💬 WhatsApp पर शेयर करें
पेट्रोल भराने गए युवक से मारपीट, भाटिया पेट्रोल पंप के दो कर्मचारियों पर FIR दर्ज

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0