बिलासपुर में सेन जयंती पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, प्रदेशभर से जुटेंगे समाजजन
रिपोर्ट..... राकेश मिश्रा.... बिलासपुर में संत शिरोमणि श्री श्री 1008 सेन जी महाराज की 726वीं जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को प्रदेश स्तरीय भव्य शोभायात्रा और सभा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन छत्तीसगढ़ प्रांत सर्व सेन समाज एवं संभागीय श्रीवास समाज के संयुक्त नेतृत्व में किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होंगे। संभागीय अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभायात्रा दोपहर 12 बजे गांधी चौक से प्रारंभ होगी। इसका नेतृत्व सर्वसेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास करेंगे। यात्रा गांधी चौक से निकलकर जूना बिलासपुर, सिटी कोतवाली, मानसरोवर चौक, सदर बाजार, गोल बाजार, देवकीनंदन चौक, नेहरू चौक और मुंगेली नाका होते हुए मंगला चौक स्थित श्रीवास धर्मशाला पहुंचेगी, जहां सभा आयोजित होगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी। सभा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विधायक एवं सांसदों का उद्बोधन होगा और समाज की विशिष्ट हस्तियों का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजन को लेकर समाज के पदाधिकारी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं, वहीं शहर में कई स्थानों पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत भी किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

