*मनरेगा बचाओ” अभियान: रलिया में महिलाओं ने दिखाई एकजुटता, केंद्र सरकार पर गरीबों का हक छीनने का आरोप*
द्वारिका यादव कोरबा/हरदीबाजार।प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरदीबाजार के नेतृत्व में ग्राम पंचायत रलिया सहित नोनबिर्रा, उतरदा, कोरबी एवं मुढाली गांवों में “मनरेगा बचाओ अभियान” के तहत जोरदार जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकजुट होकर मनरेगा को बचाने का संकल्प लिया और केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक पुरूषोत्तम कंवर ने कहा कि वर्ष 2000 में मनरेगा की शुरुआत हुई और बाद में इसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से जोड़कर गरीबों को उनके गांव में ही रोजगार देने का ऐतिहासिक कार्य कांग्रेस सरकार ने किया। कांग्रेस शासनकाल में प्रत्येक गरीब परिवार को रोजगार मिला और समय पर पूरा भुगतान भी हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार मनरेगा का नाम बदलकर गरीबों के अधिकारों पर हमला कर रही है और मजदूरों की मजदूरी रोककर उनका निवाला छीना जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य सरकार किसानों से धान की सही ढंग से खरीद नहीं कर पा रही है, तो मनरेगा मजदूरों का भुगतान कैसे करेगी।पूर्व विधायक कंवर ने भाजपा सरकार पर किसानों को नजरअंदाज करने और अडानी जैसे बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की जमीन सस्ते दामों पर खरीदने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर हाल में मनरेगा को बचाने के लिए संघर्ष करेगी, चाहे इसके लिए दिल्ली तक लड़ाई क्यों न लड़नी पड़े। कार्यक्रम में जिला महिला कांग्रेस कमेटी कोरबा की जिलाध्यक्ष प्रभा तंवर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कौशल श्रीवास, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष रामशरण कंवर, कोरबी मंडल अध्यक्ष चंद्रहास राठौर, मुढाली अध्यक्ष रामनारायण पटेल, मनरेगा प्रभारी रमेश अहीर, सह-प्रभारी गुलशन जायसवाल, मीडिया प्रभारी द्वारिका यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि मनरेगा गरीबों की जीवनरेखा है और इसे किसी भी हाल में कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

