यूजर चार्ज वसूली के दौरान सफाई कर्मचारी से मारपीट व जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, एससी-एसटी थाने में शिकायत

बिलासपुर। नगर पंचायत बोदरी में कार्यरत एक सफाई कर्मचारी ने यूजर चार्ज वसूली के दौरान मारपीट के प्रयास, जातिसूचक टिप्पणी और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एससी-एसटी थाना सरकंडा में लिखित शिकायत प्रस्तुत की है। प्रकरण में दुकान संचालक, उसके परिजन तथा नगर पंचायत अध्यक्ष के पति पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता महेंद्र राठौर, निवासी बिल्हा, जो अनुसूचित जाति वर्ग से संबंध रखते हैं और नगर पंचायत बोदरी में सफाई कार्य से जुड़े हैं, ने आवेदन में बताया कि 24 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 2:30 से 3:00 बजे के बीच वे अपने सहकर्मियों के साथ मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) के निर्देश पर चकरभाठा मार्केट क्षेत्र में मासिक यूजर चार्ज संग्रह करने पहुंचे थे। आरोप है कि वार्ड क्रमांक 15 स्थित आनंद क्लॉथ स्टोर पर यूजर चार्ज मांगे जाने पर दुकान संचालक दिलीप मोटवानी और उनके परिजन यशपाल मोटवानी ने भुगतान से इंकार करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। शिकायत के अनुसार, यशपाल मोटवानी ने बाहर आकर धक्का दिया तथा बेल्ट निकालकर मारपीट करने की कोशिश की। सहकर्मियों के हस्तक्षेप से मामला बढ़ने से रुका। कार्यालय में समझौते का दबाव शिकायतकर्ता के अनुसार घटना की जानकारी CMO को देने के बाद उन्हें नगर पंचायत कार्यालय बुलाया गया, जहां दोनों पक्ष मौजूद थे। वहां समझौते के लिए दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीलम विजय वर्मा के पति विजय वर्मा ने कार्यालय में उपस्थित लोगों के सामने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और अपमानजनक टिप्पणी की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनके साथ पूर्व में भी जातिगत आधार पर अपमानजनक व्यवहार किया गया है। एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग शिकायत में आरोपियों के विरुद्ध अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत FIR दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही आनंद क्लॉथ स्टोर एवं नगर पंचायत बोदरी कार्यालय परिसर के CCTV फुटेज जब्त कर सुरक्षित रखने का निवेदन किया गया है, ताकि जांच निष्पक्ष रूप से हो सके। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि या FIR दर्ज होने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रकरण सामने आने के बाद नगर पंचायत बोदरी क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Mar 1, 2026 - 07:21
 0  14
💬 WhatsApp पर शेयर करें
यूजर चार्ज वसूली के दौरान सफाई कर्मचारी से मारपीट व जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, एससी-एसटी थाने में शिकायत

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0