वानाथी श्रीनिवासन से मिलीं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, संगठनात्मक मजबूती पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महासमुंद लोकसभा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती वानाथी श्रीनिवासन से नई दिल्ली में उनके आवास पर आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर वानाथी श्रीनिवासन ने रूपकुमारी चौधरी का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुलाकात के दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ भी आत्मीय संवाद हुआ। गौरतलब है कि भाजपा द्वारा हाल ही में घोषित नई राष्ट्रीय टीम में रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने यह दायित्व वानाथी श्रीनिवासन के स्थान पर संभाला है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद से ही रूपकुमारी चौधरी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। मुलाकात के दौरान संगठन में महिलाओं की भूमिका, महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, महिला सशक्तिकरण तथा महिला मोर्चा को बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। रूपकुमारी चौधरी ने इस अवसर को अपने लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व के अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलती है। वानाथी श्रीनिवासन, जो तमिलनाडु की वरिष्ठ भाजपा नेत्री और कोयंबटूर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक रह चुकी हैं, ने महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में देशभर की महिला कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक स्तर पर कार्य किया है। संगठन में उनके अनुभव और योगदान को महिला मोर्चा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। भाजपा की नई 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम में महिलाओं को विशेष प्रतिनिधित्व दिया गया है। पार्टी के 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में छह महिलाएं शामिल हैं, जबकि विभिन्न राष्ट्रीय दायित्वों में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई गई है। ऐसे में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में रूपकुमारी चौधरी के सामने महिला कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने और महिला केंद्रित कार्यक्रमों को गति देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार वानाथी श्रीनिवासन और रूपकुमारी चौधरी की यह मुलाकात संगठनात्मक निरंतरता, अनुभवों के आदान-प्रदान और नए नेतृत्व को मार्गदर्शन देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। महिला मोर्चा की बहनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक आत्मीय एवं प्रेरणादायी बना दिया।

Aug 23, 2026 - 13:25
 0  4
💬 WhatsApp पर शेयर करें
वानाथी श्रीनिवासन से मिलीं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, संगठनात्मक मजबूती पर हुई चर्चा

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0