बालाजी गैस एजेंसी में बड़ी कार्रवाई, 412 भरे सिलेंडर कम मिले

कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त जांच टीम की छापामार कार्रवाई, 939 सिलेंडर जब्त ऑनलाइन स्टॉक और मौके के भौतिक सत्यापन में सामने आई बड़ी विसंगति, उपभोक्ताओं के भी दर्ज किए बयान बिलासपुर, 24 अगस्त 2026। बालाजी गैस एजेंसी के खिलाफ मिल रही लगातार शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य विभाग और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की संयुक्त टीम ने मगरपारा स्थित एजेंसी कार्यालय और महाराणा चौक स्थित गैस गोदाम में औचक जांच की। जांच के दौरान ऑनलाइन दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक में बड़ी विसंगति सामने आई। टीम ने मौके पर मिले 452 भरे और 487 खाली, कुल 939 गैस सिलेंडरों को जब्त कर लिया। जांच में सामने आया कि ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार एजेंसी के पास 864 भरे गैस सिलेंडर होने चाहिए थे, जबकि मौके पर भौतिक सत्यापन के दौरान केवल 452 भरे सिलेंडर मिले। इस तरह रिकॉर्ड की तुलना में 412 भरे सिलेंडर कम पाए गए। वहीं, ऑनलाइन रिकॉर्ड में 473 खाली सिलेंडर दर्ज थे, जबकि मौके पर 487 खाली सिलेंडर मिले। यानी खाली सिलेंडरों की संख्या रिकॉर्ड की तुलना में 14 अधिक पाई गई। ***शिकायतों के बाद कलेक्टर ने दिए थे जांच के निर्देश*** बालाजी गैस एजेंसी के विरुद्ध उपभोक्ताओं से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संयुक्त जांच टीम गठित कर एजेंसी के स्टॉक और शिकायतों की जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद टीम ने दोनों परिसरों में औचक पहुंचकर गैस सिलेंडरों का भौतिक सत्यापन किया और ऑनलाइन स्टॉक से मिलान किया। जांच के दौरान घरेलू और व्यावसायिक श्रेणी के सिलेंडरों के रिकॉर्ड की भी जांच की गई। स्टॉक में सामने आई गंभीर विसंगति के बाद मौके पर उपलब्ध सभी 939 सिलेंडरों को जब्ती की कार्रवाई के तहत लिया गया। ***उपभोक्ताओं से भी लिए बयान** जांच के दौरान मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से एजेंसी की सेवाओं को लेकर जानकारी ली गई और उनके बयान दर्ज किए गए। अधिकारियों के अनुसार एजेंसी के खिलाफ बुकिंग के बाद भी सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराने तथा ऑनलाइन डिलीवरी प्रदर्शित होने के बावजूद उपभोक्ताओं को वास्तविक रूप से सिलेंडर नहीं मिलने जैसी शिकायतें सामने आई थीं। जांच के दौरान कॉल सेंटर और सीएम हेल्पलाइन 1076 में भी एजेंसी के विरुद्ध दर्ज शिकायतों की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। ***सात दिन में कलेक्टर को सौंपेंगे रिपोर्ट** जांच दल ने एजेंसी से संबंधित दस्तावेजों, स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन रिकॉर्ड और प्राप्त शिकायतों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। टीम द्वारा सात दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन कलेक्टर को प्रस्तुत किया जाएगा। प्रतिवेदन के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच दल में तहसीलदार प्रकाश साहू, सहायक खाद्य अधिकारी अजय मौर्य, खाद्य निरीक्षक विनीता दास, वर्षा सिंह, मंगेश कांत, ललिता शर्मा, आशीष दीवान, वसुधा राजपूत तथा आईओसीएल के सेल्स ऑफिसर पंकज छेतिजा शामिल रहे। ***जांच के आंकड़े एक नजर में— ***ऑनलाइन रिकॉर्ड में भरे सिलेंडर — 864 ***मौके पर मिले भरे सिलेंडर — 452 ***भरे सिलेंडर कम — 412 ***ऑनलाइन रिकॉर्ड में खाली सिलेंडर — 473 **मौके पर मिले खाली सिलेंडर — 487 ***कुल जब्त सिलेंडर — 939

Aug 24, 2026 - 16:45
 0  1
💬 WhatsApp पर शेयर करें
बालाजी गैस एजेंसी में बड़ी कार्रवाई, 412 भरे सिलेंडर कम मिले

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0