सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाएगी भाजपा, राष्ट्रीय बैठक में छत्तीसगढ़ की अहम भागीदारी
नई दिल्ली/रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में व्यापक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। अभियान की तैयारियों और संगठनात्मक रूपरेखा को लेकर शनिवार, 22 अगस्त को नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में हुई इस बैठक में देशभर के प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों और अभियान के लिए गठित प्रदेश स्तरीय टीमों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में छत्तीसगढ़ की टीम ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। राष्ट्रीय बैठक में छत्तीसगढ़ से क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकटेश्वर राव, प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय और अमित साहू, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा तथा भाजपा महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। सेवा को संगठन की कार्यसंस्कृति बनाने पर जोर बैठक में अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा सेवा गतिविधियों को जनभागीदारी से जोड़ने पर मंथन हुआ। भाजपा की योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और उनके नेतृत्व में सेवा एवं जनकल्याण के 25 वर्षों को केंद्र में रखते हुए देशभर में सेवा गतिविधियों का विस्तार करने की है। अभियान के तहत स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच शिविर, पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा युवाओं को सेवा और नवाचार से जोड़ने जैसी गतिविधियां प्रस्तावित हैं। पार्टी का जोर सेवा कार्यों को केवल आयोजन तक सीमित रखने के बजाय समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर है। छत्तीसगढ़ में 7 सदस्यीय टीम को जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ भाजपा ने ‘सेवा संकल्प उत्सव’ के विभिन्न कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए प्रदेश स्तर पर सात सदस्यीय टीम गठित की है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देशानुसार प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन को टीम का संयोजक बनाया गया है। टीम में जी. वेंकटेश्वर राव, अमित साहू, हर्षिता पांडेय, विभा अवस्थी, राहुल टिकरिहा और अभिकेश केशरी को सदस्य बनाया गया है। टीम को अभियान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के समन्वय और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी की टीम में सहभागिता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महिला मोर्चा के माध्यम से महिला शक्ति और समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा गतिविधियों को पहुंचाने तथा महिलाओं की जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में उनकी भूमिका अहम रहेगी। बूथ स्तर तक पहुंचेगा अभियान राष्ट्रीय बैठक के बाद अभियान की तैयारियों को प्रदेश से लेकर जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक ले जाने की दिशा तय की गई है। राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला के बाद राज्यों में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिसके बाद जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार होगी। राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े के अनुसार अभियान के दौरान सेवा गतिविधियों के साथ पात्र हितग्राहियों को केंद्र सरकार की योजनाओं से जोड़ने पर भी विशेष जोर रहेगा। आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय शिविर आयोजित किए जाने की योजना है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान से युवाओं की भागीदारी तक अभियान के प्रस्तावित कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान और ‘मातृ संवाद’ जैसे कार्यक्रम भी शामिल हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचकर बच्चों के पोषण एवं देखभाल में योगदान देने वाली कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने की योजना है। इसके अलावा युवाओं को स्वच्छता, वृक्षारोपण और टीबी मरीजों की पहचान जैसे सेवा कार्यों से जोड़ने के लिए डिजिटल माध्यमों का भी उपयोग किया जाएगा। ‘सेवा में मेरा योगदान’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों और युवाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ने की तैयारी है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने जनता से निरंतर जुड़े रहने का दिया संदेश 22 अगस्त को हुई राष्ट्रीय बैठक में भाजपा के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी बातचीत हुई। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, लगातार जनता के बीच रहने और जनसंपर्क को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ ‘वंदे मातरम’ से संबंधित प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। राष्ट्रीय बैठक में छत्तीसगढ़ की टीम की सक्रिय भागीदारी को प्रदेश में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश स्तरीय टीम अब अभियान की रूपरेखा को मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक पहुंचाने की दिशा में काम करेगी। विशेष रूप से महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी की भूमिका महिला केंद्रित सेवा कार्यक्रमों, जनसंपर्क और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगी। भाजपा का लक्ष्य ‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल एक कार्यक्रम न बनाकर संगठन और समाज के बीच निरंतर संपर्क एवं जनभागीदारी का व्यापक माध्यम बनाना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


