सूने मकान में लाखों की चोरी, रिटायर्ड आर्मी अधिकारी का घर बना निशाना
बिलासपुर। मंगला स्थित अभिषेक विहार फेस-2 कॉलोनी में बीती रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लगभग 2 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां रिटायर्ड आर्मी अधिकारी शैलेश मिश्रा के घर में चोरी हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शैलेश मिश्रा किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी समेत करीब दो लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी। सुबह आसपास के लोगों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। घर के भीतर बिखरे सामान और टूटी अलमारी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने काफी देर तक घर में तलाश की और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद कॉलोनी के रहवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


