तखतपुर नगर पालिका में कर्मचारियों के उत्पीड़न का आरोप, काम बंद आंदोलन की चेतावनी
स्वच्छता दीदियों से मूल कार्य के बजाय सड़क और डिवाइडर की सफाई कराने का आरोप, कर्मचारियों में बढ़ रहा आक्रोश तखतपुर। नगर पालिका परिषद तखतपुर में कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार, मनमाने ढंग से कार्य लेने और नौकरी से निकालने की धमकी दिए जाने के आरोप एक बार फिर सामने आए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा लगातार प्रताड़नापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वच्छता दीदियों से उनके निर्धारित कार्य डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के बजाय सड़क एवं डिवाइडरों की सफाई कराई जा रही है। कर्मचारियों का आरोप है कि यह कार्य उनके मूल दायित्वों से अलग है और उन्हें दबावपूर्वक कराया जा रहा है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि नगर पालिका में मनमाने तरीके से कर्मचारियों को काम से निकालने की धमकी दी जाती है तथा कुछ पसंदीदा लोगों को कार्य पर रखा जा रहा है। इस संबंध में पूर्व में स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ द्वारा भी विरोध दर्ज कराया जा चुका है। बताया गया है कि स्वच्छता दीदियों ने अपनी समस्याओं को लेकर तखतपुर विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष, बिलासपुर कलेक्टर तथा सहायक श्रम आयुक्त को लिखित शिकायत भी भेजी थी, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि प्रशासन ने अपना रवैया नहीं बदला और समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो वे अपने आत्मसम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए काम बंद कर सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद तखतपुर प्रशासन एवं स्थानीय प्रबंधन की होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


