होली से पहले बाजारों में रंगों की बहार, गुलाल-पिचकारी से सजी दुकानें
बिलासपुर। होली के पर्व में अब केवल दो दिन शेष रह गए हैं और इसे लेकर शहर में उल्लास का माहौल बन चुका है। बिलासपुर के हर क्षेत्र में होली की दुकानों की सजावट पूरी हो चुकी है और बाजारों में रंग-गुलाल, पिचकारी और अन्य होली सामग्री की रौनक देखते ही बन रही है। इस बार होली के लिए तरह-तरह की वैरायटी के गुलाल और आकर्षक रंग बाजार में उपलब्ध हैं। अलग-अलग खुशबू, हर्बल और चमकीले रंगों ने ग्राहकों को खासा आकर्षित किया है। बच्चों के लिए डिज़ाइनर पिचकारियों से लेकर युवाओं के लिए नए रंगों की रेंज दुकानों में नजर आ रही है। व्यापारियों के अनुसार, इस बार होली को लेकर उत्साह अच्छा है और बिक्री में भी तेजी देखी जा रही है। दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ नजर आ रही है। व्यापारी वर्ग को उम्मीद है कि होली से ठीक पहले खरीदारी और बढ़ेगी। होली का पर्व आपसी मेल-मिलाप और सौहार्द का प्रतीक माना जाता है। इसे लेकर बच्चों में विशेष उत्साह रहता है। हालांकि इस बार सूर्य व चंद्र ग्रहण की स्थिति और विद्यार्थियों की परीक्षाओं का समय होने के बावजूद लोग परंपरागत उल्लास के साथ पर्व मनाने की तैयारी में जुटे हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में गुलाल और रंगों की खरीदारी करते लोग नजर आ रहे हैं। कुल मिलाकर, होली के आगमन से पहले ही बिलासपुर के बाजार रंगों में सराबोर हो गए हैं और त्योहार की खुशबू हर गली-मोहल्ले में महसूस की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


