आयुर्वेदिक महाविद्यालय में पर्यावरण संरक्षण व आपदा प्रबंधन पर संगोष्ठी, विद्यार्थियों ने लिया जन-जागरण का संकल्प
बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुर्वेदिक महाविद्यालय में प्रेरणादायी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता भिलाई से आईं ब्रह्माकुमारी माधुरी दीदी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि "प्रकृति की रक्षा ही मानवता की सुरक्षा है।" उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। माधुरी दीदी ने बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं को मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि इन समस्याओं का समाधान केवल तकनीकी संसाधनों से नहीं, बल्कि जागरूकता, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामूहिक सहभागिता से संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रशांत निषाद, सी.एस. ओटेन, ओम प्रकाश कोसीमा, सचिन बघेल, कविता प्रधान और निधि मरकाम सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से शशि बहन, पूर्णिमा बहन एवं समीक्षा बहन ने भी सहभागिता निभाई। समापन अवसर पर समीक्षा बहन ने सभी को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल एवं ऊर्जा बचाने तथा प्राकृतिक आपदाओं के समय सजग और सहयोगी नागरिक बनने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


