कलेक्टर ने बिलासपुर व सकरी तहसीलों का किया औचक निरीक्षण
राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश, नक्शा बटांकन व सीमांकन को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता बिलासपुर, 10 जुलाई। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने शुक्रवार को बिलासपुर एवं सकरी तहसीलों का औचक निरीक्षण कर राजस्व कार्यों की प्रगति, लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को लंबित राजस्व मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विभिन्न राजस्व प्रकरणों की फाइलों का अवलोकन कर उनके निराकरण की गुणवत्ता परखी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों में नियमित रूप से पेशियां तय कर प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान श्री अग्रवाल ने नक्शा बटांकन और सीमांकन के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि इन मामलों के लंबित रहने से भूमि संबंधी विवाद बढ़ते हैं और नागरिकों को विभिन्न शासकीय कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने तहसीलों में रखे जाने वाले राजस्व अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी अभिलेख सुरक्षित, अद्यतन और व्यवस्थित होने चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसील कार्यालय पहुंचे राजस्व प्रकरणों के पक्षकारों से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिवक्ताओं से भी संवाद कर राजस्व न्यायालयों में प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के संबंध में सुझाव प्राप्त किए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री शिवकुमार बनर्जी सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं तहसील कार्यालय का अमला उपस्थित रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


