झाड़-फूंक के बहाने घर से 60 हजार के जेवर-नकदी पार, दो साल बाद आरोपिया गिरफ्तार

बिलासपुर। थाना सीपत पुलिस ने ग्राम कुकदा में दो साल पहले हुई नकबजनी के मामले में फरार आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपिया झाड़-फूंक के बहाने घर में घुसकर नगदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गई थी। पुलिस के अनुसार प्रार्थिया मनीषा कानगो (19 वर्ष) निवासी कुकदा बजरंग चौक थाना सीपत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 दिसंबर 2023 की रात करीब 11:45 बजे उसके पिता अनिल कानगो और मां गोंदा बाई कानगो ने झाड़-फूंक के लिए जनकराम सौरा और उसकी पत्नी को ग्राम जाली थाना रतनपुर से घर बुलाया था। झाड़-फूंक के दौरान घर में रखी एक पेटी में 50 हजार रुपये नगद, चांदी की पायल, बिछिया, सोने की फुली और चांदी की अंगूठियां रखकर ताला बंद कर दिया गया था। झाड़-फूंक के दौरान जनकराम सौरा ने परिवार के लोगों को नींबू देकर घर के बाहर और आंगन में गाड़ने के लिए भेज दिया। करीब दस मिनट बाद जब परिवार वापस कमरे में आया तो दोनों पति-पत्नी यह कहकर चले गए कि रात भर दिया जलने देना और पेटी को नहीं खोलना है। अगले दिन जब पेटी खोली गई तो उसमें रखे करीब 60 हजार रुपये के नगदी और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। मामले में थाना सीपत में अपराध दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। इस दौरान जानकारी मिली कि आरोपी जनकराम सौरा की मृत्यु हो चुकी है, जबकि उसकी पत्नी झुनिया बाई सौरा उर्फ शांति बाई जमीन-जायदाद बेचकर फरार हो गई थी। 14 मार्च को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम बनियाडीह क्षेत्र में संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ की। पूछताछ में एक महिला बार-बार गलत जानकारी दे रही थी। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम झुनिया बाई सौरा उर्फ शांति बाई (55 वर्ष) निवासी जाली थाना रतनपुर, हाल मुकाम सौरा मोहल्ला चकरभाठा बताया। पुलिस ने आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Mar 16, 2026 - 10:16
 0  23
💬 WhatsApp पर शेयर करें
झाड़-फूंक के बहाने घर से 60 हजार के जेवर-नकदी पार, दो साल बाद आरोपिया गिरफ्तार

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0