टोयोटा शोरूम के पास ट्रेलर रोककर लूटपाट, चकरभाठा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में ट्रेलर वाहन को रोककर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर चालक को डराया और मोबाइल, नकदी तथा ट्रेलर का बिल्टी पेपर लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार घटना 6 मार्च 2026 की तड़के करीब 3:10 बजे की है। प्रार्थी ने थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि टोयोटा शोरूम चकरभाठा के पास दो युवकों ने अपनी कार से ट्रेलर वाहन को रुकवाया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर वाहन के दस्तावेज और बिल्टी पेपर दिखाने को कहा। कागजात नहीं दिखाने पर उन्होंने पैसों की मांग की और चालक का मोबाइल फोन, उसके कवर में रखे एक हजार रुपए तथा ट्रेलर का बिल्टी पेपर लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यशराज यादव (22 वर्ष) निवासी जांजगीर, वर्तमान पता अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर तथा सुमित दुबे (27 वर्ष) निवासी सरसीवा जिला सारंगढ़, वर्तमान पता अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया विवो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल, नकदी, ट्रेलर का बिल्टी पेपर और घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की Tata Punch कार जब्त कर ली है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 26 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


