नूतन चौक की महिला फूड स्टॉल संचालकों ने लगाई गुहार, स्थायी स्थान की मांग
बिलासपुर (रिपोर्ट राकेश मिश्रा) । सरकंडा क्षेत्र के नूतन चौक में फूड स्टॉल लगाकर आजीविका चलाने वाली महिलाओं ने नगर निगम प्रशासन से अपने रोजगार के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है। लगातार हो रही कार्रवाई से परेशान महिलाओं ने प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी समस्या रखी। महिलाओं का कहना है कि वे छोटे-छोटे फूड स्टॉल लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं और बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी इसी आय से चलता है। लेकिन नगर निगम की कार्रवाई और यातायात व्यवस्था के नाम पर उन्हें बार-बार हटाया जाता है, जिससे उनके तैयार खाद्य पदार्थ खराब हो जाते हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। स्टॉल संचालकों ने बताया कि इस स्थिति के कारण वे मानसिक तनाव का भी सामना कर रही हैं। उनका कहना है कि यदि उन्हें एक निश्चित और सुरक्षित स्थान मिल जाए, तो वे बिना किसी बाधा के अपना काम कर सकेंगी। महिलाओं ने नगर पालिक निगम आयुक्त से मांग की है कि उनके लिए एक निर्धारित जगह चिन्हित की जाए, जहां वे नियमित रूप से अपना व्यवसाय कर सकें और उनकी आजीविका सुरक्षित रह सके। स्थानीय महिला संचालक नीता सिंह और प्रमोद सिंह चौहान ने भी प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द समाधान निकालने की अपील की है। उनका कहना है कि यह रोजगार ही उनके परिवार का एकमात्र सहारा है। महिलाओं ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी समस्या को समझते हुए जल्द ही सकारात्मक कदम उठाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

