पेण्ड्रारोड में 77.17 लाख की लागत से बने अतिरिक्त न्यायालय भवन का वर्चुअल लोकार्पण, मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा बोले— त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी न्याय हमारी प्राथमिकता
पेण्ड्रारोड/बिलासपुर, 06 अगस्त 2026। पेण्ड्रारोड (जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही) स्थित सिविल कोर्ट परिसर में नवनिर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन का गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने किया। इस अवसर पर रवीन्द्र कुमार अग्रवाल की विशेष उपस्थिति रही। करीब 77 लाख 17 हजार रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक अतिरिक्त न्यायालय भवन में दो सर्वसुविधायुक्त कोर्ट रूम, पीठासीन अधिकारियों के लिए विश्राम कक्ष तथा स्टेनो रूम का निर्माण किया गया है। इस नई अधोसंरचना से न्यायालयीन कार्यों के संचालन में सुविधा और गति आने की उम्मीद जताई गई है। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने लोकार्पण के दौरान कहा कि यह भवन न्यायिक अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिवक्ता संघ, न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि न्यायालयों का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने वर्ष 2023 में मुख्य न्यायाधीश का पदभार संभालने के बाद प्रदेश के विभिन्न जिला एवं बाह्य न्यायालयों के अपने दौरों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की न्यायिक अधोसंरचना लगातार बेहतर हुई है। साथ ही उन्होंने न्यायिक अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे नई सुविधाओं का उपयोग करते हुए संस्थान और न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएँ। मुख्य न्यायाधीश ने न्यायपालिका के सुदृढ़ीकरण, न्यायालय भवनों के निर्माण एवं नवीनीकरण तथा आधुनिक तकनीक के समावेश में सहयोग के लिए राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की भी सराहना की। उन्होंने पेण्ड्रारोड के इस भवन को भविष्य की न्यायिक परियोजनाओं के लिए एक आदर्श मॉडल बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर के स्वागत भाषण से हुआ, जबकि प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, पेण्ड्रारोड ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल, ज्वाइंट रजिस्ट्रार-कम-प्रिंसिपल प्राइवेट सेक्रेटरी, जिला न्यायालय बिलासपुर एवं पेण्ड्रारोड के न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


