बर्ड फ्लू पर प्रशासन सख्त: 22 हजार से ज्यादा पक्षियों का नष्टीकरण
बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में बड़े स्तर पर नष्टीकरण अभियान चलाया गया। संयुक्त संचालक, पशु चिकित्सा विभाग के निर्देशन में गठित रैपिड रिस्पांस टीम ने संक्रमित और संदिग्ध इलाकों में मौजूद 22,808 पक्षियों, 25,896 अंडों और करीब 79 क्विंटल दाने को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया। यह पूरी कार्रवाई शासन के तय प्रोटोकॉल के तहत सावधानीपूर्वक की गई, ताकि संक्रमण की श्रृंखला को पूरी तरह खत्म किया जा सके। स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के लिए कलेक्टोरेट परिसर में 24×7 बर्ड फ्लू कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की संदिग्ध जानकारी या मृत पक्षियों की सूचना तुरंत 07752-251000 नंबर पर दें। संयुक्त संचालक डॉ. जी.एस.एस. तंवर के अनुसार जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पशुपालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि पोल्ट्री फार्मों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है। प्रभावित क्षेत्रों में आवाजाही पर नियंत्रण रखा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि समय रहते उठाए गए इन कदमों से बर्ड फ्लू के प्रसार को नियंत्रित किया जा सकेगा। फिलहाल लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि सतर्कता और जागरूकता बनाए रखना जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


