बिलासपुर की बेटी श्रद्धा वैष्णव का भारतीय महिला डेफ क्रिकेट टीम में चयन, श्रीलंका के खिलाफ पहनेंगी टीम इंडिया की जर्सी

बिलासपुर। शहर की बेटी और दिव्यांग क्रिकेटर श्रद्धा वैष्णव ने अपनी मेहनत, संघर्ष और अटूट जज्बे के दम पर न सिर्फ बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। श्रद्धा का चयन भारतीय महिला डेफ क्रिकेट टीम में हुआ है। भारतीय डेफ क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा जारी चयन सूची में श्रद्धा राज्य से चयनित खिलाड़ियों में शामिल हैं। अब वह जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की महिला डेफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। श्रद्धा के पिता रमेश वैष्णव ने बताया कि उनकी बेटी पिछले 10 वर्षों से लगातार क्रिकेट के प्रति समर्पित रही है। स्कूली शिक्षा के दौरान ही वह तीन बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। बाएं हाथ की प्रतिभाशाली गेंदबाज श्रद्धा अब तक अपने क्रिकेट करियर में 70 विकेट हासिल कर चुकी हैं। श्रद्धा की सफलता के पीछे संघर्ष, मेहनत और निरंतर अभ्यास की एक लंबी कहानी जुड़ी है। उनके भाई ओम वैष्णव रेलवे ग्राउंड सेकरसा में क्रिकेट प्रशिक्षण लेते थे। भाई को खेलते देख श्रद्धा के मन में भी क्रिकेट के प्रति रुचि जगी और उन्होंने क्रिकेट कैंप जॉइन करने की इच्छा जताई। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। परिवार का कहना है कि श्रद्धा ने कभी अपनी दिव्यांगता को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद उन्होंने लगातार अभ्यास जारी रखा और अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। श्रद्धा की उपलब्धि आज उन बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं। बिलासपुर की इस बेटी ने साबित कर दिया कि अगर हौसले बुलंद हों, तो मंजिलें खुद रास्ता बना लेती हैं।

May 21, 2026 - 11:53
 0  9
💬 WhatsApp पर शेयर करें
बिलासपुर की बेटी श्रद्धा वैष्णव का भारतीय महिला डेफ क्रिकेट टीम में चयन, श्रीलंका के खिलाफ पहनेंगी टीम इंडिया की जर्सी

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0