बिलासपुर में कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला: इलाज के दौरान गंवानी पड़ी एक आंख, शहर के नेताओं में भारी आक्रोश, SSP से गिरफ्तारी की मांग
शहर के रेलवे क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के दौरान कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर हुए जानलेवा हमले के बाद उनकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। नकाबपोश बदमाशों द्वारा किए गए इस बर्बर हमले में कांग्रेस नेता की बाईं आंख को गंभीर क्षति पहुंची थी, जिसके चलते डॉक्टरों को ऑपरेशन कर उनकी आंख निकालनी पड़ी। वर्तमान में वे रायपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू (ICU) में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। इस जघन्य घटना को लेकर स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। अंधाधुंध हमले के बाद फरार हुए आरोपी प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई की सुबह श्याम कश्यप रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान रेलवे क्षेत्र में पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों का इरादा हत्या करने का था, लेकिन सुबह के समय आसपास लोगों की आवाजाही बढ़ती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। रायपुर रेफर, गंभीर हालत में हुआ ऑपरेशन लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल श्याम कश्यप को तुरंत पहले रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल शिफ्ट किया गया। स्थिति बिगड़ने और आंख में गंभीर चोट को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल रायपुर रेफर कर दिया, जहाँ उपचार के दौरान डॉक्टरों को उनकी बाईं आंख निकालनी पड़ी। कांग्रेस नेताओं ने एसएसपी से की मुलाकात, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल इस घटना के विरोध में शुक्रवार को जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धार्थ मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में विजय पांडेय, विजय केशरवानी, पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, अर्जुन तिवारी, राजेश पांडेय और समीर अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता शामिल थे। नेताओं ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। शहर अध्यक्ष सिद्धार्थ मिश्रा ने कहा कि बिलासपुर जैसे शांत शहर में एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता पर दिनदहाड़े इस तरह का जानलेवा हमला होना बेहद चिंताजनक है और यह शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। एसएसपी का आश्वासन: जल्द होगा खुलासा मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने कांग्रेस नेताओं को आश्वस्त किया है कि पुलिस की विशेष टीमें इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले एक-दो दिनों के भीतर पूरी घटना का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


