बिलासपुर में नवाचार की गूंज: 'वेदर गार्ड स्मार्ट बैग' बनाने वाली तृषा समेत होनहार छात्राएं सम्मानित
**बालिकाओं की शिक्षा और नशामुक्त समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव: विधायक अमर अग्रवाल** **बिलासपुर।** नगर विधायक अमर अग्रवाल ने विभिन्न सामाजिक व शैक्षणिक आयोजनों में शिरकत कर छात्र-छात्राओं और नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने दयालबंद स्थित स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सेजस) में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इसके बाद वे टिकरापारा स्थित गुजराती समाज भवन में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भी शामिल हुए। **छात्र कैबिनेट को दिलाई शपथ, नशामुक्ति का लिया संकल्प** सेजस महारानी लक्ष्मीबाई कन्या शाला में विधायक ने छात्राओं की नवगठित 'छात्र कैबिनेट' को शपथ दिलाई और उन्हें विद्यालय के बेहतर संचालन व रखरखाव में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। छात्राओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि माता-पिता और गुरुजनों से मिलने वाली सीख ही जीवन में कामयाबी का असली आधार है। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित नागरिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया। **सफल छात्राओं का सम्मान व सरस्वती साइकिल वितरण** कार्यक्रम में 'इंसायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता' के तहत राष्ट्रीय स्तर पर चयनित बिल्हा विकासखंड की दो प्रतिभावान छात्राओं—कुमारी रेणुका धनुआर और कुमारी तृषा कमलेश को विधायक ने सम्मानित किया। बिझौर की छात्रा तृषा ने नवाचार के तहत 'वेदर गार्ड स्मार्ट बैग' तैयार किया है। ये दोनों छात्राएं 4 सितंबर को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मेंटरशिप प्रशिक्षण में अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगी। इस अवसर पर छात्राओं को 'सरस्वती साइकिल वितरण योजना' के तहत साइकिलें भी बांटी गईं। विधायक ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए नवाचारी विचारों के ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि 15 सितंबर है, जिसमें कक्षा 6वीं से 12वीं तक के प्रत्येक स्कूल से 5 विद्यार्थियों का चयन किया जाना है। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, पार्षद बंधु मौर्य, रंगा नादम और एल्डरमैन योगेश बोले सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


