बोईदा में परंपरा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ राऊत बाजार
द्वारिका यादव कोरबा/हरदीबाजार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बोईदा में रविवार को पारंपरिक राऊत बाजार का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया।जिसमें ग्राम बोईदा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। पूरे दिन गांव में मेले जैसा माहौल बना रहा और लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।राऊत बाजार में क्षेत्र के व्यापारी बंधुओं द्वारा कपड़ा, जूता-चप्पल, बर्तन, सब्जी, दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ-साथ बच्चों के लिए खिलौनों एवं मनोरंजन से जुड़ी अनेक दुकानें लगाई गईं। महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों ने बाजार में खरीदारी कर आयोजन का भरपूर आनंद लिया। बच्चों के आकर्षण के लिए झूले एवं मनोरंजन के साधन भी लगाए गए थे। रात्रि में ग्रामीणों के मनोरंजन हेतु टॉकीज का आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग देर रात तक उपस्थित रहे।कार्यक्रम की विशेष आकर्षण यादव बंधुओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य रहा। गाजे - बाजे की थाप पर किए गए नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया और ग्रामीण संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति से पूरे आयोजन स्थल में उल्लास और उमंग का वातावरण बना रहा।इस अवसर पर ग्राम पंचायत बोईदा के सरपंच संजय राज ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राऊत बाजार के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजनों से हमारी लोक संस्कृति, आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत होती है। सरपंच संजय राज ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी ग्रामीणों, यादव समाज के सदस्यों, व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।राऊत बाजार को सफल बनाने में उपसरपंच श्वेता शर्मा, विधायक प्रतिनिधि दुश्यंत शर्मा, जनपद सदस्य अंजली श्रीवास, ननकी यादव, भागवत यादव, रामायण यादव सहित सभी यादव बंधुओं एवं ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया और सभी ने इसे सफल एवं यादगार आयोजन बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

