भाजपा सरकार के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, नेहरू चौक पर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का पुतला दहन
बिलासपुर, 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश तथा जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) के आह्वान पर शुक्रवार को नेहरू चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर जांच एवं प्रशासनिक एजेंसियों के कथित दुरुपयोग तथा विपक्ष की आवाज़ को दबाने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस पार्टी ऐसी कार्रवाइयों का लोकतांत्रिक तरीके से लगातार विरोध करती रहेगी और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। जिला महासचिव, किसान कांग्रेस बिलासपुर शहर विभव सराफ ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज़ को दबाने का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा जनता के हितों की लड़ाई लड़ता रहेगा। प्रदर्शन में पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष योगेश यादव, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव पद के प्रत्याशी अर्पित केशरवानी, विजय केशरवानी, विभव सराफ सहित कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेसजनों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


