सरकंडा महामाया चौक स्थित यादव पेट्रोल पंप में सुरक्षित नहीं वाहन! पत्रकार की बाइक से दस्तावेज गायब, सीट कवर फाड़कर पहुंचाया नुकसान
सरकंडा महामाया चौक स्थित यादव पेट्रोल पंप में हुई घटना, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल Writing बिलासपुर। शहर के सरकंडा महामाया चौक रतनपुर रोड स्थित यादव पेट्रोल पंप में एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जिसने पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था और वहां कार्यरत कर्मचारियों की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। पत्रकार सुरेश खरे ने रविवार दोपहर लगभग 3 बजे अपने साथी पत्रकार हीरा जी राव सदाफले के साथ प्रेस कार्य के सिलसिले में कोनी गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी हीरो होंडा मोटरसाइकिल पेट्रोल पंप परिसर में कर्मचारियों के वाहनों के पास खड़ी कर दी थी। लगभग एक घंटे बाद लौटने पर जब वे बाइक लेकर जाने लगे तो देखा कि बाइक की टंकी के ऊपर लगा कवर फाड़ दिया गया था। इतना ही नहीं, डिक्की में रखा बैग भी गायब था, जिसमें कई आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे। पीड़ित का आरोप है कि यह कृत्य जानबूझकर किया गया है और इसमें पेट्रोल पंप के किसी कर्मचारी की संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर पेट्रोल पंप जैसे स्थान, जहां सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था होने का दावा किया जाता है, वहां यदि वाहन और उसमें रखे सामान सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिक किस पर भरोसा करें। गौरतलब है कि लोग अक्सर आवश्यक कार्यों के दौरान अपनी गाड़ियां पेट्रोल पंप परिसर में कुछ समय के लिए खड़ी कर देते हैं, क्योंकि उन्हें विश्वास होता है कि वहां सुरक्षा व्यवस्था मौजूद होगी। लेकिन इस घटना ने उस विश्वास को झटका दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कर्मचारियों की निगरानी में इस प्रकार की घटनाएं होती हैं तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या ग्राहकों के साथ पेट्रोल डीजल भरने में या अन्य मामलों में भी पूरी ईमानदारी बरती जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। पत्रकार सुरेश खरे ने संबंधित अधिकारियों से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान करने और चोरी हुए दस्तावेजों की बरामदगी की मांग की है। जनता के लिए संदेश: किसी भी पेट्रोल पंप या सार्वजनिक स्थान पर वाहन खड़ा करते समय उसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज, नकदी या अन्य कीमती सामान छोड़ने से बचें। यदि वाहन कुछ समय के लिए छोड़ना आवश्यक हो तो पहले उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस और संबंधित प्रबंधन को सूचना दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


