सी.एम. दुबे स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 7 सीजी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पी. अनिल कुमार नायडू का भव्य स्वागत
गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ अभिनंदन, बोले— एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त राष्ट्रीय संस्था बिलासपुर। अंचल के प्रतिष्ठित सी.एम. दुबे स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिलासपुर में बुधवार को 7 सीजी बटालियन एनसीसी, बिलासपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पी. अनिल कुमार नायडू के प्रथम महाविद्यालय आगमन पर गरिमामय स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने सैन्य परंपरा के अनुरूप आकर्षक गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत कर उन्हें सम्मानपूर्वक सलामी दी। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। महाविद्यालय की शासी निकाय के कार्यकारी अध्यक्ष अमन दुबे ने कर्नल नायडू का शाल, श्रीफल, स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कर्नल नायडू के नेतृत्व में 7 सीजी बटालियन नई उपलब्धियों का इतिहास रचेगी और महाविद्यालय की एनसीसी इकाई को नई दिशा एवं अवसर प्राप्त होंगे। अपने प्रेरक संबोधन में कर्नल पी. अनिल कुमार नायडू ने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त राष्ट्रीय संस्था है। अनुशासन, नेतृत्व, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण ही इसकी सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने कैडेट्स से प्रत्येक गतिविधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वयं को मजबूत बनाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने महाविद्यालय के अनुशासित वातावरण तथा थल सेना कैंप दिल्ली रिटर्न वीर सिंह यादव एवं राजपथ परेड रिटर्न हर्ष सहित कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत उत्कृष्ट ड्रिल और गार्ड ऑफ ऑनर की सराहना की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय सिंह ने कहा कि संस्थान को अपनी एनसीसी इकाई की उपलब्धियों पर सदैव गर्व रहा है। एनसीसी विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करती है। उन्होंने कर्नल नायडू का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट रोहित लहरे ने स्वागत भाषण एवं आभार व्यक्त करते हुए महाविद्यालय की एनसीसी इकाई की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के कैडेट्स राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय शिविरों, परेड, फायरिंग कैंप, थल सेना कैंप, मैप रीडिंग, सामाजिक सेवा, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वच्छता अभियान, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं 7 सीजी बटालियन का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कर्नल नायडू के मार्गदर्शन में कैडेट्स को और अधिक अवसर प्राप्त होंगे। इस अवसर पर बटालियन के एडम ऑफिसर कर्नल लोकेश देवा, एसएम देबेश कुमार, सूबेदार लाल सिंह, हरेन्द्र, हवलदार संजीव कुमार सहित अन्य सैन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कर्नल नायडू ने एनसीसी कैडेट्स से संवाद कर उनके प्रशिक्षण, भविष्य की योजनाओं एवं आगामी गतिविधियों पर चर्चा की तथा महाविद्यालय परिसर एवं एनसीसी इकाई की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर उनकी सराहना की। समारोह में उप प्राचार्य के.के. शुक्ला, डॉ. के.के. जैन, डॉ. आदित्य दुबे, डॉ. हर्षा शर्मा, डॉ. विभा सिंह, डॉ. अरूंधती शर्मा, डॉ. एस. पावनी, डॉ. सुमेला चटर्जी, कार्यक्रम अधिकारी दीपक सेठ, राजेश निराला, शेखर आनंद, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. देवर्षि चौबे, महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


