सोना खरीदने पर संयम की अपील का सराफा व्यापारियों ने किया स्वागत, बोले कमल सोनी— ‘सर्विस सेक्टर के रूप में विकसित होगा सराफा बाजार
बिलासपुर। प्रधानमंत्री द्वारा एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने की अपील पर छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि व्यापारियों को इस अपील से घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि इसे देशहित और व्यापार के दीर्घकालिक विकास के अवसर के रूप में देखना चाहिए। कमल सोनी ने कहा कि पिछले दो वर्षों से वैश्विक युद्ध, आर्थिक अनिश्चितता और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण सोने की कीमतों में लगातार तेजी आई है। इसका असर सराफा बाजार पर भी पड़ा है और अधिकांश व्यापार केवल बुलियन गोल्ड तक सीमित होकर रह गया है। उन्होंने बताया कि इस स्थिति में छोटे और मध्यम सराफा व्यापारी कारोबार में कमी और घाटे का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में प्रधानमंत्री की अपील बाजार के लिए “संजीवनी” साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सराफा बाजार को केवल खरीद-बिक्री तक सीमित न रखकर “सर्विस सेक्टर” के रूप में विकसित किया जाए। सोने के आयात में कमी आने से देश का विदेशी मुद्रा भंडार मजबूत होगा और भारतीय रुपया भी मजबूती प्राप्त करेगा। इसका लाभ अन्य व्यापारिक क्षेत्रों को भी मिलेगा, जिससे छोटे और मध्यम व्यवसायों की लागत घटेगी। कमल सोनी ने कहा कि तिजोरियों में बंद सोना “डेड कैपिटल” की तरह होता है, जो अर्थव्यवस्था को गति नहीं देता। यदि यही धन बैंकिंग और उद्योगों में निवेश होगा, तो रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और बाजार में पूंजी का प्रवाह बढ़ेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे केवल ब्रांडेड और कॉर्पोरेट कंपनियों के आकर्षक प्रचार से प्रभावित होकर खरीदारी न करें, क्योंकि इससे देश की बड़ी मात्रा में पूंजी विदेशों की ओर चली जाती है। उन्होंने स्वर्ण शिल्प कला बोर्ड के गठन की मांग को भी दोहराया। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ सहित जिन राज्यों में यह बोर्ड अभी तक गठित नहीं हुआ है, वहां जल्द गठन किया जाना चाहिए। इससे पारंपरिक आभूषण निर्माण कला को संरक्षण मिलेगा तथा स्वर्ण शिल्पकारों और कारीगरों को सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण, रियायती ऋण और बीमा जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे हजारों परिवारों को रोजगार और आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


