“रोटी का संकट लेकर पहुंचीं बुजुर्ग स्वच्छता दीदियां, जोन कमिश्नर ने दिखाई संवेदनशीलता; अगले ही दिन मिला काम

बिलासपुर/तिफरा। नगर निगम के जोन क्रमांक-2 तिफरा में मंगलवार को प्लेसमेंट कर्मचारियों की हड़ताल के बीच एक मानवीय और संवेदनशील पहल देखने को मिली। काम से निकाली गईं 5 बुजुर्ग स्वच्छता दीदियां अपनी पीड़ा लेकर जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय के पास पहुंचीं और बताया कि संबंधित ठेकेदार ने उन्हें चार माह पूर्व कार्य से हटा दिया है। इस संबंध में उन्होंने ठेकेदार को आवेदन भी दिया था, लेकिन अब तक उन्हें दोबारा काम पर नहीं रखा गया, जिससे उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बुजुर्ग महिलाओं ने बताया कि रोजगार छिन जाने के कारण उनके परिवार की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है और उनके सामने भूखे रहने जैसी परिस्थितियां निर्मित हो गई हैं। उनकी व्यथा सुनते ही जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उन्हें अगले ही दिन से कार्य पर आने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यद्यपि 62 वर्ष की आयु सीमा संबंधी नियम लागू हैं, लेकिन महिलाओं की परिस्थितियों, उनके लंबे कार्य अनुभव और शारीरिक रूप से कार्य करने में सक्षम होने को देखते हुए मानवीय आधार पर उन्हें कार्य जारी रखने की अनुमति दी जा रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके परिवार का कोई बेटा, बहू या अन्य सदस्य काम करना चाहता है तो भविष्य में उनके स्थान पर परिवार के सदस्य को भी रोजगार उपलब्ध कराने पर विचार किया जा सकता है। जोन कमिश्नर की इस त्वरित और संवेदनशील पहल से न केवल पांचों बुजुर्ग महिलाओं को दोबारा रोजगार मिला, बल्कि उन्हें यह भरोसा भी मिला कि उम्र बढ़ने के बाद भी उनकी आजीविका की चिंता को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय ने स्पष्ट रूप से कहा, “नगर निगम में कार्य करने वाला प्रत्येक कर्मचारी हमारे निगम परिवार का सदस्य है। उनकी समस्याओं का समाधान करना मेरी जिम्मेदारी है। मैं हमेशा यह प्रयास करता हूं कि मेरे साथ काम करने वाले किसी भी कर्मचारी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।” जोन कार्यालय की इस त्वरित कार्रवाई की कर्मचारियों और स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक पदों पर बैठे अधिकारियों की संवेदनशीलता ही जरूरतमंद लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला सकती है।

Jun 9, 2026 - 10:38
 0  6
💬 WhatsApp पर शेयर करें
“रोटी का संकट लेकर पहुंचीं बुजुर्ग स्वच्छता दीदियां, जोन कमिश्नर ने दिखाई संवेदनशीलता; अगले ही दिन मिला काम

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0