160 किलो भार उठाकर आदित्य सिंह ने जीता गोल्ड, जूनियर वर्ग में बनाया राज्य रिकॉर्ड
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन 3 जनवरी को राजधानी रायपुर में किया गया, जिसमें बिलासपुर के हेमूनगर निवासी आदित्य सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओपन बेंच प्रेस प्रतियोगिता के 94 किलोग्राम वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। आदित्य सिंह ने 160 किलोग्राम भार उठाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया और इसके साथ ही जूनियर वर्ग में राज्य स्तर पर नया रिकॉर्ड भी बनाया।प्रतियोगिता में आदित्य के इस बेहतरीन प्रदर्शन से न सिर्फ बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन हुआ है। गौरतलब है कि आदित्य सिंह पिछले तीन वर्षों से लगातार छत्तीसगढ़ ओपन जूनियर विंग में गोल्ड मेडल जीतते आ रहे हैं और निरंतर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।लगातार शानदार उपलब्धियों के चलते इस वर्ष आदित्य सिंह का चयन मार्च 2026 में गुजरात में आयोजित होने वाली जूनियर ओपन नेशनल पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए किया गया है, जहां वे राज्य और जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।मीडिया से बातचीत में आदित्य सिंह ने बताया कि शुरू से ही उनका झुकाव पावर लिफ्टिंग की ओर रहा है और उन्होंने इसे अपना सपना बनाकर कड़ी मेहनत के साथ सीखा। उन्होंने कहा कि बचपन से उनका लक्ष्य प्रदेश और बिलासपुर का नाम रोशन करना था, जो आज पूरा हुआ है। इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, गुरुजनों और दोस्तों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया।आदित्य सिंह की यह उपलब्धि न केवल युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि खेल जगत में बिलासपुर की बढ़ती पहचान को भी दर्शाती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


