200 करोड़ का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तैयार, फिर भी इलाज अधूरा! कांग्रेस ने सरकार से मांगा जवाब
बिलासपुर। लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से कोनी (बेलतरा विधानसभा) में निर्मित 220 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल एक बार फिर चर्चा में है। अस्पताल का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किए जाने और मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद भी अस्पताल पूरी क्षमता से संचालित नहीं होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने सरकार से जवाब मांगा है। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विजय केशरवानी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अस्पताल में अभी तक कई आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। उनका कहना है कि अस्पताल का भवन तैयार है, लेकिन पर्याप्त डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, तकनीकी कर्मचारी, ऑक्सीजन प्लांट, कैथ लैब, आईसीयू, 24 घंटे इमरजेंसी सेवा और जीवनरक्षक एंबुलेंस जैसी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। कांग्रेस का आरोप है कि गंभीर मरीजों को अब भी अन्य अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है, जिससे सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के उद्देश्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पार्टी ने सरकार से स्पष्ट समय-सीमा घोषित कर अस्पताल को पूर्ण क्षमता से शुरू करने की मांग की है। विज्ञप्ति में अस्पताल का नाम स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के नाम पर रखे जाने का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि केवल नामकरण पर्याप्त नहीं है, बल्कि अस्पताल को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ संचालित करना भी सरकार की जिम्मेदारी है। साथ ही अस्पताल के संभावित निजीकरण की आशंकाओं पर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है। कांग्रेस ने सरकार के समक्ष कई सवाल भी रखे हैं, जिनमें अस्पताल की पूर्ण शुरुआत, नियमित चिकित्सकों एवं स्टाफ की नियुक्ति, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं और गंभीर मरीजों के रेफरल की व्यवस्था समाप्त करने जैसे मुद्दे शामिल हैं। विजय केशरवानी ने कहा कि यदि सरकार शीघ्र अस्पताल की व्यवस्थाएं पूरी नहीं करती और निजीकरण की आशंकाओं पर स्पष्ट जवाब नहीं देती, तो कांग्रेस जनता के स्वास्थ्य अधिकार को लेकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उनका कहना है कि बिलासपुर की जनता ने केवल भवन नहीं, बल्कि बेहतर और सुलभ इलाज की उम्मीद के साथ इस अस्पताल की मांग की थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


