PSC परीक्षा को लेकर बिलासपुर में ट्रैफिक अलर्ट, कई मार्गों पर रहेगा दबाव
बिलासपुर। कल 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाली राज्य लोक सेवा आयोग (PSC) परीक्षा के मद्देनज़र शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। यातायात पुलिस बिलासपुर ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए बताया है कि परीक्षा शहर के लगभग 70 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें जिले सहित अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे। पुलिस के अनुसार अभ्यर्थियों के आगमन और वापसी के दौरान शहर के ओवरब्रिज, नदी पुल, संकीर्ण मार्ग, सड़क क्रॉसिंग, प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर भारी यातायात दबाव की स्थिति बन सकती है। विशेष रूप से परीक्षा समाप्त होने के बाद एक साथ बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के निकलने से जाम की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सुबह 10:00 से 12:00 बजे तथा शाम 3:00 से 5:00 बजे के बीच, यानी परीक्षा से पहले और बाद के समय, इन मार्गों से गुजरने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। इससे न केवल अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में सुविधा होगी, बल्कि शहर में अनावश्यक जाम की स्थिति भी नहीं बनेगी। वाहन चालकों से यह भी कहा गया है कि पुल-पुलिया, ओवरब्रिज, संकीर्ण मार्ग और भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों पर विशेष सावधानी बरतें तथा संयम के साथ वाहन चलाएं। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही परीक्षा व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सकती है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही उक्त समयावधि में शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवागमन करें, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


