**SDM की मीटिंग में घुसा शख्स, गाली-गलौज से झूमा-झटकी तक बवाल!
तहसील कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल, आधे घंटे तक चलता रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा, फिर भी नहीं हुई कोई कानूनी कार्रवाई** बिलासपुर। बिलासपुर एसडीएम कार्यालय में मंगलवार शाम करीब 5 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एसडीएम अपने कक्ष क्रमांक-1 स्थित कॉन्फ्रेंस (कांफ्रेंस) हॉल में तहसीलदारों की बैठक ले रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बैठक के दौरान एक व्यक्ति अचानक मीटिंग हॉल में घुस आया और किसी लंबित कार्य को लेकर एसडीएम से तीखी बहस करने लगा। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और झूमा-झटकी तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि उस समय बैठक में तहसीलदारों के अलावा राजस्व निरीक्षक (आरआई) भी मौजूद थे। घटना एसडीएम के सुरक्षा गार्ड और विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में हुई, जिससे तहसील कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद पहले एसडीएम और संबंधित व्यक्ति के बीच शुरू हुआ। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने गाली-गलौज और हंगामा करने से मना किया, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। मामला मीटिंग हॉल से निकलकर कार्यालय परिसर तक पहुंच गया, जहां काफी देर तक हंगामा चलता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही तहसील परिसर में मौजूद वकील, नोटरी और अपने कार्यों से आए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। करीब आधे घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज विवाद ने पूरे तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मौके पर एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और सुरक्षा कर्मी मौजूद थे, तब इतना बड़ा विवाद कैसे होता रहा? यदि शासकीय बैठक के दौरान कोई भी व्यक्ति सीधे मीटिंग हॉल में प्रवेश कर सकता है, तो आम दिनों में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा कितनी सुरक्षित है? तहसील परिसर में कार्यरत कई अधिवक्ताओं का कहना है कि शासकीय बैठक के दौरान इस प्रकार की घटना अत्यंत गंभीर है। उनका मानना है कि यदि वास्तव में शासकीय कार्य में बाधा, अभद्रता या मारपीट जैसी स्थिति बनी है, तो मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जिला प्रशासन इस पूरे घटनाक्रम पर क्या रुख अपनाता है और क्या मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। :::**
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


