कलेक्टर पहुंचे छतौना ग्रामसभा, जनभागीदारी से विकास पर दिया जोर...अंबेडकर जयंती पर ग्राम पंचायतों में ग्रामसभाओं का आयोजन

बिलासपुर - कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संदीप अग्रवाल आज तखतपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत छतौना में आयोजित ग्रामसभा में शामिल हुए और कार्यवाही का अवलोकन किया। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर जिले की ग्राम पंचायतों में ग्रामसभाओं का आयोजन कर गांवों के समग्र विकास की रूपरेखा तय की गई। ग्रामसभा में सर्वसम्मति से श्री दीनबंधु को अध्यक्ष चुना गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर की गई। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ग्रामसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामसभा गांव के विकास का सबसे सशक्त मंच है, जहां आमजन की सक्रिय भागीदारी से योजनाएं बनती हैं और उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होता है। उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है और ग्रामसभा उसी भावना को साकार करने का माध्यम है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें सुपोषित बनाने पर विशेष जोर दिया तथा पालक चौपाल के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने की बात कही। कलेक्टर ने जल संरक्षण को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि गिरते जलस्तर को देखते हुए प्रत्येक घर में सोख्ता गड्ढा निर्माण एक प्रभावी पहल हो सकती है। इसके साथ ही अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। पोषण पखवाड़ा के तहत कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने उपस्थित जनों को सुपोषण की शपथ भी दिलाई और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। कलेक्टर ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाने तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी जरूरतमंद वंचित न रह जाए। सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल ने कहा कि ग्रामसभा लोकतंत्र की आधारभूत इकाई है, जहां प्रत्येक व्यक्ति की प्रत्यक्ष भागीदारी सुनिश्चित होती है। सामूहिक विचार-विमर्श के माध्यम से गांव के विकास की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाती है, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव होता है। ग्रामसभाओं में जल संरक्षण, वृक्षारोपण, पोषण सुधार, आवास योजना सहित विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा कर उन्हें शामिल किया गया। ग्रामसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Apr 14, 2026 - 15:47
 0  71
💬 WhatsApp पर शेयर करें
कलेक्टर पहुंचे छतौना ग्रामसभा, जनभागीदारी से विकास पर दिया जोर...अंबेडकर जयंती पर ग्राम पंचायतों में ग्रामसभाओं का आयोजन

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0