केन्द्रीय विद्यालय सीआरपीएफ में राजभाषा हिंदी कार्यशाला का आयोजन
बिलासपुर - केन्द्रीय विद्यालय सीआरपीएफ बिलासपुर में दिनांक 20 मार्च को एक दिवसीय राजभाषा हिंदी कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों में हिंदी भाषा के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देना तथा राजभाषा नीति के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य रमाकांत कौशिक द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी न केवल हमारी राजभाषा है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक पहचान का भी अभिन्न अंग है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों से अपने दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आग्रह किया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में महेंद्र कुमार हिरवानी ने हिंदी भाषा के विकासक्रम को सारगर्भित एवं प्रेरणादायक रूप से प्रस्तुत किया। राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सचिव सुनील पाण्डेय ने राजभाषा हिंदी के संवर्धन एवं उसके व्यावहारिक उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्यालयी कार्यों में हिंदी के प्रयोग, नोटिंग-ड्राफ्टिंग, तथा सरल एवं शुद्ध हिंदी लेखन के विभिन्न पहलुओं को उदाहरण सहित समझाया, जिससे विषय को बेहतर ढंग से समझने में सहायता मिली। पुस्तकाध्यक्ष भूपेंद्र श्रीवास्तव ने पुस्तकालय में हिंदी पुस्तकों की संख्या एवं वर्ष में पुस्तकों की खरीद पर कुल व्यय में हिंदी पुस्तकों पर व्यय की जानकारी दी। वरिष्ठ सचिवालय सहायक कुंदन कुमार ने प्रतिभागियों को पत्राचार में हिंदी के प्रयोग का व्यावहारिक अभ्यास कराया। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी जिज्ञासाएं प्रस्तुत कीं और विशेषज्ञ द्वारा उनका समाधान किया गया। इस सत्र ने कार्यशाला को और अधिक प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण बना दिया। अंत में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक विजय सोनी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। यह कार्यशाला अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई तथा इससे प्रतिभागियों में हिंदी भाषा के प्रति उत्साह एवं जागरूकता में वृद्धि हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


