जिले में अपराधियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 250 आदतन अपराधी चिन्हित,सतत निगरानी शुरू,80 आरोपियों पर आर्म्स एक्ट व BNSS के तहत कड़ी कार्रवाई,संगठित अपराध गिरोहों पर पुलिस की नजर..एक वर्ष के रिकॉर्ड का गहन विश्लेषण,हर गतिविधि रडार पर...अपराधियों के लिए सख्त चेतावनी-अब नहीं बख्शे जाएंगे
बिलासपुर - पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के स्पष्ट एवं कड़े निर्देश पर जिले में आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध और सख्त कार्रवाई प्रारंभ की गई है। यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अपराधियों के संपूर्ण नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक सुनियोजित एवं कठोर पहल है। अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में ऐसे 250 आदतन अपराधियों को चिन्हित किया गया है, जो पूर्व में अवैध हथियार देसी कट्टा, पिस्टल एवं मारपीट के गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे हैं एवं जिनके विरुद्ध पिछले 1 वर्ष में थानों में शिकायत प्राप्त हुई है इन सभी पर सतत निगरानी रखते हुए उनके ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है तथा उनकी प्रत्येक गतिविधि का सूक्ष्म विश्लेषण किया जा रहा है। जांच हेतु ऐसे अपराधियों की भी सूची तैयार की गई है जो पूर्व में संगठित अपराधिक गिरोह जैसे खनिज माफिया, ड्रग माफिया ,भू माफिया, शराब तस्करी गिरोह में शामिल थे पुनः उनके गतिविधियों की जांच कर उनके खिलाफ कार्यवाही की तैयारी की जा रही है जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों एवं अवैध हथियार रखने वाले 80 व्यक्तियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धाराओं के कठोर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गयी है। समय-समय पर अपराधियों की नकेल कसने के लिए पुलिस यह अभियान चलाती रहेगी जिससे कि जिले में कोई भी सामाजिक तत्व अपराध करके बच ना पाए। 🔴 कठोर चेतावनी : समस्त चिन्हित अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी है कि भविष्य में किसी भी प्रकार के आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर उनके खिलाफ सामान्य कानूनी कार्रवाई नही बल्कि उनकी संगठित अपराध गिरोह में रहकर अपराधी गतिविधियों से एकत्र की गई संपत्ति भी जप्त की जाएगी ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


