झपटमारी कर मोबाइल-नकदी लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, छीना गया सामान और स्कूटी जब्त
बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने झपटमारी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया पर्स, मोबाइल, नगदी तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार 23 फरवरी 2026 को एक युवती स्कूटी से होटल जीत कॉन्टिनेंटल, शिव टाकीज चौक स्थित एक पार्टी में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान होटल के सामने पीछे से काले रंग की स्कूटी पर सवार अज्ञात युवक ने उसका पर्स झपटकर फरार हो गया। पर्स में Vivo Y53 मोबाइल, 4,500 रुपये नगद तथा आलमारी की चाबी रखी हुई थी। मामले की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 142/26 धारा 304 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और हुलिए के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने टिकरापारा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी सौरभ पासी (20 वर्ष), निवासी अटल आवास शिव मंदिर के सामने, पुराना हाईकोर्ट के पीछे, टिकरापारा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG10/AP2103 तथा लूटा गया मोबाइल, नगदी और अन्य सामान बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


