निगम सदन में युवा पार्षद दिलीप पाटिल का पावर शो, पट्टा और अमृत मिशन पर सत्ता-अफसरों को घेरा
रिपोर्ट..... राकेश मिश्रा..…. बिलासपुर नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक इस बार काफी गर्मागर्म रही, जहां लिंगियाडीह से कांग्रेस के युवा पार्षद दिलीप पाटिल ने अपने आक्रामक तेवरों से सदन का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक में उन्होंने गरीबों के पट्टा वितरण, अमृत मिशन की स्थिति और शहर की जर्जर सड़कों को लेकर सत्ता पक्ष और निगम अधिकारियों पर जमकर निशाना साधा। दिलीप पाटिल ने अपने वक्तव्य की शुरुआत गरीब परिवारों को पट्टा वितरण के मुद्दे से की। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों जरूरतमंद आज भी पट्टे के इंतजार में हैं, जबकि फाइलें निगम कार्यालयों में लंबित पड़ी हैं। बार-बार मांग के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि गरीबों को अधिकार दिलाने की बात सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है। इसके बाद उन्होंने शहर की महत्वाकांक्षी अमृत मिशन योजना पर सवाल उठाते हुए इसे “दिखावा” करार दिया। पाटिल ने कहा कि करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद जमीनी हालात बेहद खराब हैं। पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की हालत बिगड़ गई है और कई इलाकों में काम अधूरा पड़ा है। उन्होंने पूछा कि इतनी बड़ी योजना के बावजूद जनता को अपेक्षित राहत क्यों नहीं मिल रही। सड़कों की दुर्दशा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि अमृत मिशन के नाम पर शहर की सड़कों को खोद दिया गया, लेकिन मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य समय पर नहीं हो रहा है। इससे आम जनता को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही और समन्वय की कमी का परिणाम बताया। पाटिल ने अपने भाषण में सत्ता पक्ष और अधिकारियों दोनों को कठघरे में खड़ा करते हुए योजनाओं की निगरानी में कमी और जवाबदेही तय नहीं होने का आरोप लगाया। उनके इन बयानों के बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बैठक के दौरान अमृत मिशन प्रमुख चर्चा का विषय रहा, लेकिन दिलीप पाटिल का आक्रामक अंदाज पूरे सत्र में केंद्र में बना रहा, जिससे उन्हें एक उभरते युवा नेता के रूप में देखा जाने लगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

