फाग महोत्सव में दिखी यादव समाज की एकता और सांस्कृतिक झलक
अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के द्वारा आयोजित होली मिलन एवं फाग महोत्सव का आयोजन सोमवार को बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम में यादव समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आपसी सौहार्द व भाईचारे का परिचय दिया। जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी यदुवंशी भाइयों, बहनों और बुजुर्गों को होली पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, एकता और संस्कृति का प्रतीक है। आयोजन के दौरान रंग-गुलाल के साथ-साथ दूध, दही और छाछ का भी सभी ने भरपूर आनंद लिया। तबला, ढोलक और नगाड़ों की मधुर ध्वनि ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रीकृष्ण के जयकारों से सभागार गूंज उठा और सभी यदुवंशी भाई-बहनों ने फाग महोत्सव का जमकर आनंद लिया। यादव समाज में प्रथम बार आयोजित इस होली मिलन एवं फाग महोत्सव को लेकर लोगों में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली। प्रदेश अध्यक्ष भुवनेश्वर यादव ने कहा कि यादव फाग महोत्सव एवं होली मिलन के माध्यम से समाज के लोगों को एक-दूसरे से मिलने और आपसी संबंध मजबूत करने का अवसर मिला। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। युवा कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मी यादव, पार्षद देवरी खुर्द ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे प्रतिवर्ष और अधिक भव्य रूप से आयोजित करने की बात कही। छत्तीसगढ़ के लोक गायक चंदन यादव एवं उनकी टीम की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भुवनेश्वर यादव, पूर्व महापौर रामशरण यादव, युवा कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मी यादव, जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठजन, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक साथ मिलकर होली मिलन के पावन पर्व को यादगार बनाया।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


