मादन : जिस मार्ग पर 10 वर्ष पहले बनी घटिया सीसी सड़क चंद महीने में हो गई थी जमीदोज उसमें पुनः 20 लाख के गुणवत्ताहीन निर्माण को दिया अंजाम, वर्तमान निर्मित कांक्रीट सड़क का उम्र चंद माह

कोरबा/पाली:- सरकार द्वारा ग्रामीण विकास के लिए आवंटित धनराशि और जिले के औद्योगिक एवं कोल उपक्रमो से मिलने वाले राजस्व राशि का खुला दुरुपयोग पाली जनपद के ग्राम पंचायत मादन में देखने को मिला, जहां 30 लाख की स्वीकृति से निर्मित 2 सीसी सड़कें कुछ हप्ते में ही अपना अस्तित्व खोने लगी है। बता दें कि निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत मादन द्वारा गांव में जिला खनिज न्यास मद से 20 लाख की स्वीकृति वाले मुख्यमार्ग फारेस्ट काष्टागार से बस्ती की ओर 600 मीटर एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा क्षेत्र विकास प्राधिकरण योजनांतर्गत कदमहा तालाब के पास से 10 लाख स्वीकृति वाले सीसी रोड का बीते हप्तों निर्माण कराया गया है। जिनमें मानक की खुलकर अनदेखी की गई और घटिया निर्माण सामाग्री में बालू व गिट्टी का अधिक प्रयोग किया गया। जिन निर्माण को एक माह भी नही हुआ और बालू पर्त दर पर्त उड़ रही है तो गिट्टियां सड़क छोड़ने लगी है। 30 लाख खर्च करने के बावजूद कमीशनखोरी व घटिया निर्माण के कारण गुणवत्ता कहीं नजर नही आ रही। इस भ्रष्ट्राचार के सीसी रोड को लेकर ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी और पंचायत पदाधिकारी बचाव के बहाने खोज रहे है। उक्त सड़क निर्माण के दौरान इस पंचायत के ग्रामीणों ने गुणवत्ताहीन निर्माण को लेकर आवाज उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की थी, तब संबंधितों ने अपने आंख, कान बंद कर रखे थे और जब घटिया निर्माण की खबरें सुर्खियां बनी तब जिला प्रशासन ने संज्ञान लेकर जांच के निर्देश दिए। ब्लाक अधिकारियों ने निर्माण के समय मौके पे जाकर सीसी सड़क की गुणवत्ता जांची और सभी मापदंडों को सही बताया। लेकिन सड़क एक माह भी नही टिक सकी और दोपहिया- चारपहिया वाहनों की आवाजाही से धूल के गुबार उड़ने के साथ गिट्टियां भ्रष्ट्राचार के सड़क की स्थिति बयां करने लगी है। उल्लेखनीय है कि पंचायत द्वारा लगभग 10 वर्ष पूर्व मुख्यमार्ग फारेस्ट काष्टागार से बस्ती की ओर मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत लाखों का सीसी रोड निर्माण कराया था, जो चंद महीने में ही जमीदोज होकर ऐसा लगने लगा था कि मानो जैसे कभी सीसी रोड बनाई ही न गई हो। तब पाली जनपद अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना से निर्मित सीसी सड़को के जांच की मांग कोरबा के पूर्व सांसद रहे बंशीलाल महतो द्वारा शासन स्तर पर की गई थी, जिसके आधार पर प्रशासनिक जांच हुई और उक्त योजना से निर्मित सभी कांक्रीट सड़कें मापदंड के विपरीत घटिया पायी गई थी और तब संबंधित सरपंचों- सचिवों से राशि वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित की गई थी, जिनमे ग्राम पंचायत मादन भी समाहित था। वहीं अनियमिता अब पुनः दोहराई गई है और 10 वर्ष पूर्व निर्मित सड़क की तर्ज पर ही वर्तमान सड़क निर्माण को अंजाम दिया गया है। इसकी उम्र क्या होगी यह तो आने वाला समय ही बताएगा लेकिन ग्रामीण इतना जरूर कह रहे है कि जिस मार्ग पर डामरीकृत सड़क की आवश्यकता थी, पंचायत जिम्मेदारों ने अपनी झोली भरने के चक्कर मे उस मांग को दरकिनार कर अपने स्वार्थ सिद्धि की पूर्ति की और शासन- प्रशासन से सीसी सड़क स्वीकृत करा मनमाने और घटिया निर्माण को अंजाम दिया।

Jan 28, 2026 - 20:14
 0  2
💬 WhatsApp पर शेयर करें
मादन : जिस मार्ग पर 10 वर्ष पहले बनी घटिया सीसी सड़क चंद महीने में हो गई थी जमीदोज उसमें पुनः 20 लाख के गुणवत्ताहीन निर्माण को दिया अंजाम, वर्तमान निर्मित कांक्रीट सड़क का उम्र चंद माह

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0