हाईवे पर ट्रक चालक से लूट करने वाला गिरोह गिरफ्तार, तीन आरोपी जेल भेजे गए
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस की हिरी थाना पुलिस ने हाईवे पर ट्रक चालक से मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ और शिनाख्त कार्यवाही के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 64/2025 धारा 309(4), 238 बी, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना 1 मार्च 2025 को पेण्ड्रीडीह चौक स्थित राज ढाबा के पास हुई थी, जहां आरोपियों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट कर लूटपाट की थी। पीड़ित चालक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में जय दिवाकर उर्फ छोटू (20 वर्ष) निवासी बजरंग नगर आवासपारा सिरगिट्टी, सूरज साहू उर्फ दादू साहू (20 वर्ष) निवासी बहरामुड़ा तिफरा तथा प्रदीप धुरी उर्फ संजू बाबा (19 वर्ष) निवासी नया मन्नाडोल तिफरा शामिल हैं। तीनों आरोपी थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस जांच के दौरान थाना कोनी में दर्ज एक अन्य मामले की विवेचना में इस लूटकांड से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर माननीय जेएमएफसी न्यायालय बिल्हा में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की गई। विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरण्डम बयान के आधार पर आवश्यक जप्ती एवं अन्य कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद 18 फरवरी 2026 को आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले की आगे भी जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


