तहसीलदारों की हड़ताल के बीच फिर राजस्व अमले पर हमला! सीमांकन कर रहे पटवारी से अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा; आदतन अपराधी पर जिला बदर की मांग तेज

बिलासपुर-गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 1 जून 2026। प्रदेशभर में तहसीलदारों और राजस्व अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर चल रहा आंदोलन अभी समाप्त भी नहीं हुआ है। तहसीलदार के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में राजस्व अधिकारियों की हड़ताल लगातार जारी है। इसी बीच गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से राजस्व अमले पर हमले का एक और गंभीर मामला सामने आने से कर्मचारियों और अधिकारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है। नगर पालिका परिषद गौरेला के वार्ड क्रमांक-1 पतेराटोला में शासकीय भूमि के सीमांकन कार्य के दौरान पटवारी एवं राजस्व टीम के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौच, धक्कामुक्की और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज किया गया है। हीरा सिंह पेन्द्रो की शिकायत पर थाना गौरेला में प्राथमिकी क्रमांक 0200/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 एवं 221 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। शिकायत के अनुसार 11 मई 2026 को शाम लगभग 4:50 बजे राजस्व निरीक्षक, गौरेला एवं टीकरकला के दो न्यायालयीन कोटवारों के साथ ग्राम गौरेला स्थित खसरा क्रमांक 205/1 एवं 205/3 का सीमांकन कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दीपक तिवारी नामक व्यक्ति मौके पर पहुंचा और कथित रूप से पटवारी को अश्लील गालियां देते हुए हमला करने का प्रयास करने लगा। आरोप है कि आरोपी ने पटवारी की मोटरसाइकिल की चाबी छीनने का प्रयास किया तथा घटना का वीडियो बनाए जाने पर मोबाइल छीनने की भी कोशिश की। मौके पर मौजूद दोनों कोटवारों के साथ भी गाली-गलौच और धक्कामुक्की की गई, जिससे राजस्व अमले के कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया और उन्हें घटनास्थल से हटना पड़ा। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान आवेदक एवं उनके अधिवक्ता को भी अपनी सुरक्षा के लिए मौके से दूर जाना पड़ा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर पटवारी ने राजस्व निरीक्षक को घटना की जानकारी दी और थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज रहे हैं और क्षेत्र में उसे आदतन अपराधी के रूप में देखा जाता है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है तथा प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जिला बदर की कार्यवाही प्रारंभ करने की मांग उठ रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। आसपास के लोगों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं। आरोपों की पुष्टि होने पर गिरफ्तारी सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि प्रदेश में तहसीलदार के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में राजस्व अधिकारियों का आंदोलन और हड़ताल अभी भी जारी है। ऐसे संवेदनशील समय में सीमांकन कर रहे राजस्व अमले पर कथित हमला सामने आने से अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राजस्व कर्मचारियों का कहना है कि यदि शासकीय कार्य कर रहे अधिकारियों-कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

Jun 3, 2026 - 17:13
 0  43
💬 WhatsApp पर शेयर करें
तहसीलदारों की हड़ताल के बीच फिर राजस्व अमले पर हमला! सीमांकन कर रहे पटवारी से अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा; आदतन अपराधी पर जिला बदर की मांग तेज

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0