नकली सोना को असली बताकर ज्वेलरी बदलने की कोशिश,पति-पत्नी को सिटी कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार,भेजा जेल
बिलासपुर - पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कोतवाली थाना पुलिस ने नकली सोने को असली बताकर ज्वेलरी बदलने की कोशिश करने वाले एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नकली सोने के टॉप्स और अंगूठी भी बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार, यह मामला 10 अप्रैल 2026 की शाम का है। सदर बाजार स्थित लीला ज्वेलर्स में एक महिला पहुंची और खुद को पूनम वर्मा बताते हुए अपने पास रखे टॉप्स और अंगूठी को 18 कैरेट सोना बताकर बदलने की बात कही। दुकान के मैनेजर जलेश कुमार आहिरे को सामान पर संदेह हुआ, जिसके बाद मशीन से जांच करने पर ज्वेलरी नकली निकली। इसके बाद 11 अप्रैल को मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू की और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की।जांच के दौरान पुलिस ने सदर बाजार क्षेत्र में महिला को उसके पति और बच्चे के साथ घूमते हुए पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों की पहचान संजय वर्मा (40 वर्ष) और पूनम वर्मा (30 वर्ष), निवासी वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 कैरेट हॉलमार्क अंकित नकली सोने के टॉप्स (करीब 4.230 ग्राम) और एक अंगूठी (करीब 3.100 ग्राम) जप्त की है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस की अपील:पुलिस ने सराफा व्यापारियों और आम लोगों से अपील की है कि किसी भी आभूषण की खरीद-बिक्री या अदला-बदली से पहले उसकी सही तरीके से जांच अवश्य करें, ताकि इस प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


