"पटवारी पर गंभीर आरोप: निजी भूमि का खसरा रिकॉर्ड से गायब कर सरकारी अभिलेखों में कथित हेराफेरी, वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी
बिलासपुर। राजस्व विभाग के एक पटवारी पर शासकीय अभिलेखों में कथित रूप से हेराफेरी कर निजी भूमि को रिकॉर्ड से गायब करने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2014 में ग्राम दो मोहनी, पटवारी हल्का क्रमांक 24 में पदस्थ रहते हुए तत्कालीन पटवारी इंद्र कुमार सिंह ने स्वर्गीय गिरधारी लाल अग्रवाल की निजी भूमि के खसरा क्रमांक 74/1 एवं 74/2 (रकबा क्रमशः 0.053 हेक्टेयर एवं 0.057 हेक्टेयर) को शासकीय रिकॉर्ड से कथित रूप से समाप्त कर दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अपने पद का दुरुपयोग करते हुए संबंधित खसरों में काट-छांट, ओवरराइटिंग और अभिलेखों में हेराफेरी कर उक्त भूमि को खसरा क्रमांक 76 में दर्शा दिया गया। आरोप है कि वर्ष 2001-02 से 2005 के अभिलेखों में भी रकबे के साथ छेड़छाड़ कर रिकॉर्ड बदल दिया गया, जिसके चलते वर्तमान में दोनों खसरों की भूमि खसरा क्रमांक 76 में दर्ज दिखाई दे रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस कथित हेराफेरी के कारण मूल भूमि स्वामी के वारिस वर्षों से अपनी ही जमीन पर मालिकाना हक साबित करने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। शिकायत में मांग की गई है कि संबंधित अधिकारी तत्काल राजस्व अभिलेखों की जांच कर त्रुटि में सुधार करें, मूल भूमि स्वामी के वारिसों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाया जाए तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते रिकॉर्ड दुरुस्त नहीं किए गए तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सक्षम न्यायालय एवं अन्य वैधानिक मंचों पर कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




