पत्रकारों की हुंकार से गूंजा बिलासपुर: ‘सच की आवाज नहीं दबेगी’, पत्रकार सुरक्षा कानून समेत विभिन्न मांगों को लेकर पत्रकारों का धरना प्रदर्शन

बिलासपुर। पत्रकारों के खिलाफ दर्ज कथित दुर्भावनापूर्ण एफआईआर के विरोध में गुरुवार को बिलासपुर में पत्रकारों का आक्रोश फूट पड़ा। जिलेभर से आए पत्रकारों ने एकजुट होकर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर किसी भी प्रकार के हमले का पुरजोर विरोध जताया। प्रदर्शन ने पत्रकार एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष पत्रकारिता की रक्षा का मजबूत संदेश दिया। धरना-प्रदर्शन में बिलासपुर शहर के साथ-साथ मस्तूरी, सीपत, पचपेड़ी, सकरी, कोटा, तखतपुर, चकरभाठा, बिल्हा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। सभी ने एक मंच पर एकत्र होकर पत्रकार हितों की रक्षा तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकारों के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। पत्रकारों का दायित्व जनहित के मुद्दों को सामने लाना और सच को समाज तक पहुंचाना है। यदि पत्रकारों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जाता है तो इसका सीधा असर लोकतंत्र और जनता के अधिकारों पर पड़ेगा। प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने एक स्वर में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कानून की आवश्यकता है, ताकि बिना किसी दबाव के निष्पक्ष पत्रकारिता की जा सके। कार्यक्रम को विभिन्न मीडिया संगठनों तथा सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिला। आयोजकों ने प्रदर्शन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले पत्रकारों, मीडिया संस्थानों और सामाजिक संगठनों के प्रति आभार व्यक्त किया। धरना-प्रदर्शन के समापन पर “पत्रकार एकता जिंदाबाद”, “लोकतंत्र जिंदाबाद” और “अभिव्यक्ति की आजादी अमर रहे” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। वहीं इस मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने कहा कि संबंधित प्रकरण उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर दर्ज किया गया है तथा आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। पत्रकारों के विरोध और पुलिस प्रशासन के इस बयान के बाद अब पूरे मामले की आगामी जांच और कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Jun 19, 2026 - 23:05
 0  1
💬 WhatsApp पर शेयर करें
पत्रकारों की हुंकार से गूंजा बिलासपुर: ‘सच की आवाज नहीं दबेगी’, पत्रकार सुरक्षा कानून समेत विभिन्न मांगों को लेकर  पत्रकारों का धरना प्रदर्शन

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0