लायंस क्लब उत्कर्ष का शपथ ग्रहण संपन्न, डॉ. आरती पांडे ने संभाली अध्यक्ष की जिम्मेदारी
डॉ. रश्मि जितपुरे बनीं सचिव, स्वास्थ्य जागरूकता और युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर रहेगा विशेष फोकस बिलासपुर । लायंस क्लब उत्कर्ष 3233 सी का शपथ ग्रहण समारोह शहर के एक निजी होटल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में क्लब के सदस्यों के साथ समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं लायंस इंटरनेशनल के संस्थापक मेल्विन जोन्स के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि प्रीति पाल बाली ने सेवा कार्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज सेवा से जुड़ने वाला व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से अधिक मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि सेवा का कार्य न केवल समाज को लाभ पहुंचाता है, बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व का भी विकास करता है और लोगों की शुभकामनाएं जीवन में नई ऊर्जा प्रदान करती हैं। शपथ अधिकारी रीजन चेयरपर्सन लायन शैलेश बाजपेयी ने वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी एवं नवसदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं जोन चेयरपर्सन लायन डॉ. हर्ष पांडे ने आगामी सेवा परियोजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। पूर्व अध्यक्ष डॉ. शकुंतला जितपुरे ने बीते कार्यकाल में स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय सेवा कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। नई कार्यकारिणी में डॉ. आरती पांडे को अध्यक्ष, डॉ. रश्मि जितपुरे को सचिव, रश्मि गुप्ता को सहसचिव, रेखा अग्रवाल को कोषाध्यक्ष, रश्मि चौहान को सहसचिव, ट्विंकल आडवाणी एवं हेमलता ठाकुर को उपाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा श्रुति अग्रवाल को टेमर, भारती तिवारी को टेल ट्विस्टर, वीना अग्रवाल को क्लब एडमिनिस्ट्रेटर, सुधा मारदा को एलसीआईएफ कॉर्डिनेटर तथा डॉ. शकुंतला जितपुरे को सर्विस चेयरपर्सन की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. आरती पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष क्लब का प्रमुख लक्ष्य स्वास्थ्य जागरूकता अभियान को व्यापक रूप देना होगा। उन्होंने बताया कि युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए "आयुष्मान" नामक विशेष परियोजना संचालित की जाएगी। साथ ही उन्होंने डिस्ट्रिक्ट थीम "सरबत दा भला" के अनुरूप अधिकाधिक जनसेवा कार्य करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में ध्वज वंदना कुसुम सोमानी ने प्रस्तुत की, जबकि डॉ. रश्मि गुप्ता ने मुख्य अतिथि का परिचय दिया। संचालन सुधा मारदा एवं ट्विंकल आडवाणी ने संयुक्त रूप से किया तथा अंत में डॉ. रश्मि जितपुरे ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


