बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल,शुभम की मौत से हड़कंप
बिलासपुर के सरकंडा स्थित बाल सुधार गृह में एक बार फिर गंभीर घटना सामने आई है। रेप के मामले में यहां लाए गए 18 वर्षीय शुभम अगरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक शुभम रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ क्षेत्र के किरमिडांड गांव का रहने वाला था और उसे 15 अगस्त को ही बिलासपुर के बाल सुधार गृह लाया गया था। बताया जा रहा है कि सुधार गृह में आने के कुछ ही दिनों बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। इस घटना ने बाल सुधार गृह की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि इससे पहले भी बाल सुधार गृह में चार बंदियों द्वारा एक कर्मचारी की हत्या कर फरार होने की घटना सामने आ चुकी है, जिसके बाद पुलिस ने चारों को पकड़ लिया था। उस घटना के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे, लेकिन अब सुधार गृह के भीतर एक युवक की मौत ने एक बार फिर व्यवस्थाओं को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल यह है कि संवेदनशील माने जाने वाले बाल सुधार गृह में बंदियों की निगरानी किस तरह की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद ऐसी घटना कैसे सामने आई। क्या यहां बंदियों की नियमित निगरानी होती है और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था है, इन तमाम सवालों के जवाब जांच के बाद सामने आएंगे। फिलहाल सरकंडा पुलिस मामले की जांच कर रही है.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


