2047 तक विकसित राज्य का सपना जुमला, बजट में युवाओं-किसानों के लिए कुछ नहीं महेंद्र गंगोत्री
बिलासपुर। बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पेश किए गए बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “जुमला” करार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट में वर्ष 2047 तक राज्य को विकसित बनाने का सपना दिखाया गया है, लेकिन इसके लिए कोई ठोस आधार दिखाई नहीं देता। महेंद्र गंगोत्री ने आरोप लगाया कि बजट में युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और मजदूरों को भी सम्मानजनक मजदूरी सुनिश्चित करने के लिए कोई प्रभावी प्रावधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कोई ठोस योजना बजट में नजर नहीं आती। उन्होंने यह भी कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के आर्थिक उत्थान के लिए कोई विशेष पैकेज घोषित नहीं किया गया है। केवल विकसित राज्य का नारा देकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की गई है। गंगोत्री ने कहा कि सरकार को 2047 जैसे दूर के लक्ष्य की बजाय 2028 या 2033 जैसे निकट भविष्य के लक्ष्य तय कर वास्तविक विकास का रोडमैप प्रस्तुत करना चाहिए था। उन्होंने बजट को “झुनझुना” बताते हुए कहा कि यह केवल घोषणाओं तक सीमित है और जमीनी स्तर पर बदलाव लाने में सक्षम नहीं दिखता।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


