25 सितंबर से जिले में शुरू होगा ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान .....आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जनभागीदारी पर होंगे विशेष आयोजन
बिलासपुर, 24 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 25 सितंबर से ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। अभियान के अंतर्गत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक-एक दिवस विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें हितग्राही माताओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, बच्चों के अभिभावकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान ‘मेरी पौष्टिक थाली’ का प्रदर्शन कर पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका विकसित करने के लिए पौधरोपण के साथ ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ अभियान के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महिलाओं, बच्चों और गर्भवती माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण भी होगा। अभियान में पोषण चित्रकला, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, पोषण प्रतिज्ञा, पोषण आहार मेन्यू बोर्ड का प्रदर्शन तथा गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं के साथ ‘मातृ संवाद’ आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों को अधिक पौष्टिक बनाने की विधि और खाद्य पदार्थों के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी जाएगी। महिलाओं के लिए रंगोली, मेहंदी, खेलकूद और व्यंजन प्रतियोगिताएं भी होंगी। वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में ‘न्योता भोज’ के माध्यम से समुदाय की सहभागिता से बच्चों को खीर, पूरी, हलवा, स्थानीय फल एवं प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए श्रमदान, नियमित सहयोग करने वाले व्यक्तियों का सम्मान तथा बाल विकास, पोषण और प्रारंभिक उत्तेजना विषयों पर चर्चा होगी। ग्रामसभा में पोषण हितग्राहियों की सूची, पोषण प्रतिज्ञा और बच्चों की पोषण स्थिति का वाचन भी किया जाएगा। अभियान के तहत दिव्यांग बच्चों का चिन्हांकन एवं संदर्भन तथा पंचायत प्रतिनिधियों और समुदाय की भूमिका पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही ‘आंगन मिलन सेवा सम्मान’ आयोजित कर उत्कृष्ट कार्य करने वाली 5 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 5 आंगनबाड़ी सहायिकाओं और 5 मितानिनों को सम्मानित किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


