वेस्ट जोन इंटर-स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए ड्रॉ जारी, पांच राज्यों के खिलाड़ियों में दिखा उत्साह
बिलासपुर। योनेक्स-सनराइज वेस्ट जोन इंटर-स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 के आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बिलासपुर में 3 से 6 सितंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, मध्य प्रदेश और मेजबान छत्तीसगढ़ की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के सुचारू और निष्पक्ष संचालन को लेकर बुधवार शाम टीम मैनेजर्स मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें पांचों राज्यों से आए टीम मैनेजर्स और कोच शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता तमिलनाडु के रेफरी वेंकट नारायणन ने की। उनके साथ डिप्टी रेफरी एफ.एफ. बदिया (गुजरात) और मैच कंट्रोल तन्मय बनर्जी (पश्चिम बंगाल) भी मौजूद रहे। रेफरी वेंकट नारायणन ने टीम मैनेजर्स और कोचों को प्रतियोगिता के नियमों, मैच संचालन प्रक्रिया, अनुशासन और महत्वपूर्ण तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों एवं टीम अधिकारियों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की। बैठक के बाद सभी टीम मैनेजर्स एवं कोचों की मौजूदगी में प्रतियोगिता का आधिकारिक ड्रॉ जारी किया गया। ड्रॉ सामने आने के साथ ही खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों में मुकाबलों को लेकर उत्साह बढ़ गया है। प्रतियोगिता के पहले चरण में इंटर-स्टेट टीम चैंपियनशिप के मुकाबले होंगे, जबकि दूसरे चरण में सीनियर एवं जूनियर वर्ग की व्यक्तिगत स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। टीम चैंपियनशिप का फाइनल 4 सितंबर और व्यक्तिगत स्पर्धाओं के फाइनल 6 सितंबर को खेले जाएंगे। इस अवसर पर गुजरात बैडमिंटन एसोसिएशन के मानद सचिव एवं बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव मयूर पारिख विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन समिति की ओर से आयोजन सचिव डॉ. एम.एल. चंद्राकर, अध्यक्ष अरविंद गोयल, उपाध्यक्ष मनीष उभरानी और टूर्नामेंट डायरेक्टर प्रताप भट्टाचार्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता का आयोजन बिलासपुर जिला बैडमिंटन संघ द्वारा छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में तथा बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया की स्वीकृति से किया जा रहा है। 3 सितंबर से रेड डायमंड स्पोर्ट्स सेंटर में पांच राज्यों के खिलाड़ियों के बीच बैडमिंटन का रोमांच शुरू होगा। चार दिनों तक खेल प्रेमियों को सीनियर और जूनियर वर्ग के उच्च स्तरीय मुकाबले देखने को मिलेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


