कोरबा में देह व्यापार का खुलासा, सिविल लाइन क्षेत्र से 5 युवतियां व 3 युवक पकड़े गए, मकान मालकिन गिरफ्तार
कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार से जुड़े एक कथित रैकेट का भंडाफोड़ किया है। वार्डवासियों की शिकायत पर की गई छापेमारी में एक मकान से 5 युवतियां और 3 युवक आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। पुलिस ने मकान मालकिन समेत कुल 8 लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक डिंगापुर और रामपुर के बीच स्थित बस्ती में रहने वाली सुरती पटेल के मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि मकान में लगातार बाहरी युवक-युवतियों का आना-जाना बना रहता था, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा था। मोहल्लेवासियों ने कई बार इसका विरोध किया, लेकिन आरोप है कि मकान मालकिन विरोध करने पर गाली-गलौज करती और धमकी देती थी। इससे परेशान होकर वार्डवासियों ने शुक्रवार को सिविल लाइन थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने शनिवार को मकान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर घर में मौजूद युवक-युवतियां मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हरदी बाजार निवासी ईश्वर कुमार, नील कुमार यादव, बैगिनडबार निवासी राज दास महंत, मकान मालकिन सुरती पटेल सहित चार युवतियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। अन्य संभावित आरोपियों से पूछताछ जारी है। इधर, वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद अजय गोड के साथ बड़ी संख्या में वार्डवासी सिविल लाइन थाना पहुंचे और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पार्षद ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में चल रही अवैध गतिविधियों से बच्चों और आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


