कोरबा में धान खरीदी अव्यवस्था ने ली किसान की जान पर बनाई दबाव की स्थिति, 24 घंटे में दूसरा आत्महत्या का प्रयास
कोरबा जिले में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर व्याप्त अव्यवस्थाओं के बीच किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में हरदीबाजार क्षेत्र से एक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां 60 वर्षीय किसान ने जहर सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झांझ निवासी किसान बैसाखू मरकाम (60 वर्ष) ने हरदीबाजार तहसील परिसर के सामने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसान को तत्काल हरदीबाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उपचार जारी है।बताया जा रहा है कि किसान धान खरीदी प्रक्रिया में लगातार आ रही समस्याओं, टोकन, भुगतान और अनियमितताओं को लेकर लंबे समय से मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।इससे ठीक 24 घंटे पहले हरदीबाजार तहसील क्षेत्र के ही ग्राम कोरबी निवासी किसान सुमेर सिंह गोंड ने भी जहर सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया था। उस घटना के बाद कोरबा सांसद मौके पर पहुंची थीं और उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए धान खरीदी व्यवस्था, प्रशासनिक लापरवाही और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने धान खरीदी व्यवस्था की पोल खोल दी है। किसानों की बढ़ती पीड़ा और आत्महत्या के प्रयासों ने प्रशासन और शासन के लिए स्थिति को बेहद संवेदनशील बना दिया है। अब देखना यह होगा कि इन घटनाओं के बाद जिम्मेदार अधिकारी और सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


